30 December, 2014

नया वर्ष मंगलमय हो

अच्छे दिन
जल्दी आ जायें
कुछ वादे
पूरे हो पायें
स्वच्छ, सुखद
हर एक दृश्य हो
नया वर्ष मंगलमय हो


फूलें-फलें
सभी के सपने
अपने, बने रहें
बस अपने
सत्य कथन की
सदा विजय हो
नया वर्ष मंगलमय हो

बचा रहे
बच्चों का बचपन
थोड़ा और
बढ़े संवेदन
मन में नहीं
किसी का भय हो
नया वर्ष मंगलमय हो

कविताओं में
जन-पीड़ा हो
छन्दों में न
शब्द-क्रीड़ा हो
कथ्य सहज हो
यति-गति-लय हो
नया वर्ष मंगलमय हो।

-डा॰ जगदीश व्योम

No comments: